
बक्सर, 22 अक्टूबर (विक्रांत) बाबा केदार नाथ की स्मृति में बक्सर जिले के चक्की अंचल क्षेत्र अंतर्गत जवहीं दीयर में श्रद्धा और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। आयोजित समारोह के दौरान जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों के बीच कंबल का वितरण किया गया। कंबल पाकर गरीब परिवारों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ दिखाई दी। समारोह में बाबा केदार नाथ के व्यक्तित्व एवं उनके सामाजिक योगदान को याद करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जरूरतमंदों की सेवा ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
गरीबों और असहायों के बीच ठंड से बचाव के लिए कंबल वितरण का यह प्रयास समाज में मानवीय संवेदना और सहयोग की भावना को मजबूत करता है।कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। आयोजकों ने कहा कि बाबा केदार नाथ की स्मृति को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित रखने के बजाय उनके सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से गरीब परिवारों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए कंबल वितरण किया गया।

जवहीं दीयर में आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्साह रहा। लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यक्रम जरूरतमंदों के लिए संबल बनते हैं। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने बाबा केदार नाथ को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके बताए सेवा और सद्भाव के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

















