बक्सर, 21अक्टूबर (विक्रांत) प्रताप सागर स्थित बाबा केदार नाथ नर्सिंग कॉलेज में बुधवार को श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर बाबा केदार नाथ को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए गए। कॉलेज परिसर में आयोजित सभा में छात्राओं, शिक्षकों एवं नागरिकों ने उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के निदेशक डॉ. विजय बहादुर सिंह ने की।श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल पूरी तरह भावुक नजर आया।

उपस्थित लोगों ने बाबा केदार नाथ के व्यक्तित्व और उनके योगदान को याद करते हुए उनके प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। एक-एक कर लोगों ने तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए। श्रद्धांजलि देने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। कॉलेज की छात्राओं ने भी श्रद्धापूर्वक बाबा केदार नाथ को नमन किया।इसी कड़ी में बक्सर जिले के चर्चित उत्तर प्रदेश सीमावर्ती गांव जवहीं दीयर में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
यहां बड़ी संख्या में ग्रामीणों और नागरिकों ने बाबा केदार नाथ को याद करते हुए उनके तैलचित्र पर पुष्प अर्पित किए। श्रद्धांजलि सभा के बाद भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में श्रद्धा और सम्मान का भाव देखने को मिला।

ग्रामीणों एवं नागरिकों ने कहा कि बाबा केदार नाथ की स्मृतियां लोगों के बीच हमेशा जीवंत रहेंगी। कार्यक्रम के दौरान देर तक श्रद्धांजलि देने वालों का पहुंचना जारी रहा।


















