बक्सर, 21 अक्टूबर (विक्रांत) आगामी त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। यात्रियों की सुविधा और सुगम यात्रा के लिए पटना और नई दिल्ली के बीच एक और वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की गई है। इस नई ट्रेन के परिचालन से दिल्ली से बिहार आने और बिहार से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 02254 नई दिल्ली-पटना वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल का परिचालन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक सप्ताह में तीन दिन गुरुवार, रविवार और मंगलवार होगा।

यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर 10:21 बजे अलीगढ़, 13:30 बजे कानपुर सेंट्रल, 15:45 बजे प्रयागराज, 18:00 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद 19:26 बजे बक्सर और 20:10 बजे आरा में ठहराव के बाद रात 21:30 बजे पटना जंक्शन पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 02253 पटना-नई दिल्ली वंदे भारत फेस्टिवल स्पेशल 24 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रत्येक शनिवार, सोमवार और बुधवार को चलेगी। पटना से यह ट्रेन सुबह 10 बजे खुलेगी और 10:38 बजे आरा, 11:25 बजे बक्सर, 13:10 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, 15:35 बजे प्रयागराज, 17:50 बजे कानपुर सेंट्रल तथा 20:53 बजे अलीगढ़ रुकते हुए रात 23:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

खास बात यह है कि इस फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन में वंदे भारत के 20 कोच होंगे। त्योहारों के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे के इस कदम से यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। खासकर बक्सर और आरा के यात्रियों को नई दिल्ली की सीधी तेज रफ्तार ट्रेन सेवा का लाभ मिलने से यात्रा और अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।


















