पटना, 02 नवम्बर (सहयोगी संवाददाता विक्रांत) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को बनारस रेलवे स्टेशन से वाराणसी-नई दिल्ली वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर बनारस-प्रयागराज रामबाग और बनारस सिटी-राजातालाब के बीच मेमू ट्रेन सेवाओं का भी शुभारंभ हुआ। नई रेल सेवाओं से वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में यात्री सुविधाओं को बड़ा विस्तार मिला है। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय रेलवे का आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता है।

वाराणसी को एक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन और 10 मेमू सेवाओं की सौगात मिली है। स्लीपर ट्रेन से राष्ट्रीय राजधानी के साथ रात्रिकालीन संपर्क मजबूत होगा, जबकि मेमू सेवाओं से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों, व्यापारियों और आम यात्रियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के लिए मासिक सीजन टिकट की सुविधा वाराणसी क्षेत्र में 95 रुपये और वाराणसी से प्रयागराज के लिए 220 रुपये निर्धारित की गई है। केंद्रीय मंत्री ने प्रस्तावित बुलेट ट्रेन नॉर्थ कॉरिडोर की जानकारी देते हुए कहा कि दिल्ली, आगरा, कानपुर, लखनऊ, पटना और गुवाहाटी जैसे शहरों को जोड़ने की योजना है। प्रस्तावित समय के अनुसार दिल्ली से आगरा 59 मिनट, कानपुर एक घंटा 45 मिनट, लखनऊ दो घंटे 12 मिनट और वाराणसी से दिल्ली लगभग तीन घंटे 33 मिनट में पहुंचा जा सकेगा।

वाराणसी से लखनऊ का सफर एक घंटा 21 मिनट और पटना का सफर लगभग एक घंटे में पूरा होने की संभावना है। परियोजना में मेक इन इंडिया को प्राथमिकता दी जाएगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार जताते हुए कहा कि नई सेवाओं से आम लोगों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा मिलेगी। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज, अंडरपास और समर्पित माल गलियारों के विकास को सुरक्षा, समयबद्धता और परिचालन सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस वाराणसी से रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली से रात 9:40 बजे चलकर सुबह 7:10 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद होकर चलेगी। सेवा सप्ताह में छह दिन संचालित होगी। वाराणसी से शुक्रवार और दिल्ली से शनिवार को ट्रेन नहीं चलेगी। ट्रेन में रीजेनरेटिव ब्रेकिंग, उन्नत सुरक्षा प्रणाली, टीसीएएस, सीसीटीवी, अग्नि एवं धुआं पहचान प्रणाली, आपातकालीन अलार्म, आधुनिक शौचालय, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष बर्थ, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और वाई-फाई जैसी सुविधाएं हैं। प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में गर्म पानी के साथ शॉवर की व्यवस्था भी उपलब्ध होगी।नई सेवा से धार्मिक, पर्यटन, शैक्षणिक और व्यावसायिक यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी।


















