समस्तीपुर, 06 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर में गुरुवार की शाम अपराधियों ने दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देते हुए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। करीब 8:10 बजे हुई इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बाघी गांव निवासी कमल सिंह के पुत्र सोनू सिंह के रूप में हुई है। हत्या की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोली लगने से युवक की मौत के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम हो गया। हालांकि, वारदात को किसने और किन परिस्थितियों में अंजाम दिया, इसकी स्पष्ट जानकारी अब तक सामने नहीं आई है।

हत्या के पीछे की वजह भी फिलहाल रहस्य बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही हत्या के कारणों और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। सड़क जाम कर जताया आक्रोशइधर, युवक की हत्या से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

गुस्साए लोगों ने ताजपुर-समस्तीपुर पथ को जाम कर आवागमन बाधित कर दिया। अचानक सड़क जाम होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।












