समस्तीपुर, 01 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर शनिवार, 31 अक्टूबर 2026 को समस्तीपुर रेल मंडल में राष्ट्रीय एकता दिवस उत्साह, उमंग और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से रेलकर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, समस्तीपुर के सभागार में आयोजित समारोह में मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सत्यनिष्ठा बनाए रखने की शपथ दिलाई।

शपथ के दौरान सभी रेलकर्मियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित रखने तथा राष्ट्र की आंतरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपना योगदान देने का संकल्प व्यक्त किया।इस दौरान देशवासियों के बीच एकता, सद्भावना और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई गई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ यानी एकता दौड़ रही। इसमें मंडल के अधिकारियों, बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों तथा स्काउट एवं गाइड के कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। दौड़ के माध्यम से प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव, आपसी सहयोग और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया।आयोजन का उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उनके दृढ़ संकल्प को याद करना था।

साथ ही उनके आदर्शों को जीवन और कार्यव्यवहार में आत्मसात करने की प्रेरणा देना भी रहा।इस अवसर पर रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय रेल की कार्यसंस्कृति में अनुशासन, निष्ठा, समर्पण और सामूहिक जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करने का संकल्प लिया। राष्ट्रीय एकता दिवस का आयोजन रेलकर्मियों को एकजुट होकर राष्ट्रसेवा तथा भारतीय रेल की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा प्रदान करने वाला रहा।


















