समस्तीपुर, 30 अप्रैल (हर्षिता “अश्क”) भारतीय रेलवे ने यात्रियों के लिए अहम सूचना जारी करते हुए बताया है कि जौनपुर जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य के चलते कई प्रमुख ट्रेनों का मार्ग अस्थायी रूप से बदल दिया गया है। यह बदलाव उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के अयोध्या कैंट-अकबरपुर-जफराबाद खंड पर प्री-नॉन इंटरलॉक और नॉन इंटरलॉक कार्य के कारण किया जा रहा है।रेलवे के अनुसार, 13 से 27 मई 2026 तक चलने वाली 15231 बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस अब औंड़िहार-वाराणसी सिटी-वाराणसी जंक्शन-बनारस-प्रयागराज जंक्शन-मानिकपुर मार्ग से चलेगी।

इसी तरह 12 से 26 मई तक 15232 गोंदिया-बरौनी एक्सप्रेस भी परिवर्तित रूट से संचालित होगी। इन दोनों ट्रेनों का जौनपुर, मिर्जापुर, विन्ध्याचल और प्रयागराज छिवकी समेत कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं रहेगा। इसके अलावा 19051 वलसाड-मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (16 व 23 मई) और 19052 मुजफ्फरपुर-वलसाड एक्सप्रेस (18 व 25 मई) को भी बदले मार्ग से चलाया जाएगा, जिससे जौनपुर स्टेशन पर इनका ठहराव समाप्त रहेगा।सबसे बड़ा असर 14017 रक्सौल-आनंद विहार टर्मिनस एक्सप्रेस (14 व 21 मई) और 14018 आनंद विहार-रक्सौल एक्सप्रेस (06, 13 व 20 मई) पर पड़ा है।

ये ट्रेनें अब जफराबाद-सुलतानपुर-लखनऊ रूट से चलाई जाएंगी, जिसके चलते अयोध्या धाम, अयोध्या कैंट, बाराबंकी, शाहगंज और अकबरपुर जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव रद्द कर दिया गया है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और मार्ग की जानकारी अवश्य जांच लें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। इस बदलाव से हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाओं पर असर पड़ने की संभावना है।

















