पटना, 24 अक्टूबर (अविनाश कुमार) सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में धूप की गर्माहट के बीच बिहार के मौसम का मिजाज अब तेजी से बदलने वाला है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव का क्षेत्र अगले कुछ दिनों में चक्रवाती तूफान का रूप ले सकता है। इसके प्रभाव से राजधानी पटना समेत प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, 28 अक्टूबर से एक नवंबर के बीच राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

मौसम के इस बदलाव को देखते हुए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने और कटी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है। दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव शनिवार शाम तक अवदाब और अगले दिन गहरे अवदाब में बदल सकता है। इसके बाद इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना जताई गई है। इसके शुरुआती प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। 28 अक्टूबर से पटना समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होने के आसार हैं। हालांकि अगले 24 घंटे तक मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है।

सुबह और रात में हल्की ठंड रहेगी, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर बना रहेगा। शुक्रवार को पटना और सिवान में 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली। वहीं, पटना समेत 22 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री रहा, जबकि 35.4 डिग्री के साथ कैमूर सबसे गर्म रहा। डेहरी में न्यूनतम 16.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रमुख शहरों में गया 30.1, भागलपुर 30.8 और मुजफ्फरपुर 29.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

















