पटना, 29 अक्टूबर (अविनाश कुमार) बिहार में मौसम का मिजाज अचानक बदलने वाला है। चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के अवशेष समेत कई मौसमी प्रणालियों के सक्रिय प्रभाव से राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश, मेघगर्जन और तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को जारी बुलेटिन में कई जिलों के लिए भारी से अत्यधिक भारी बारिश, वज्रपात और आंधी-पानी की चेतावनी दी गई है। अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में भी तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को भभुआ और रोहतास जिले में अत्यधिक भारी वर्षा के साथ मेघगर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती है।

इसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, औरंगाबाद, बक्सर, पूर्वी चंपारण, गया, नवादा, सारण और सीवान में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उत्तर-पश्चिम, उत्तर-मध्य और दक्षिण-मध्य बिहार के कई इलाकों में भी आंधी-पानी का असर देखने को मिल सकता है। मौसम में इस बदलाव के पीछे कई मौसमी प्रणालियों का संयुक्त प्रभाव बताया गया है। अति गंभीर चक्रवाती तूफान ‘अर्णब’ के अवशेष से बना अवदाब पिछले छह घंटों में 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर की ओर बढ़ा। 29 अक्टूबर की सुबह यह दक्षिण छत्तीसगढ़ और ओडिशा के ऊपर केंद्रित था। इसके शाम तक कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में बदलने का अनुमान है।

इसके अलावा दक्षिण अंडमान सागर में बना निम्न दबाव क्षेत्र, उत्तर हरियाणा के ऊपर ऊपरी वायु चक्रवाती परिसंचरण और उत्तरी पाकिस्तान पर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित कर रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री तक गिर सकता है। हालांकि, अगले तीन से चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। बारिश और तेज हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ सकती है। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी जाती है।

















