पटना, 09 अक्टूबर (अविनाश कुमार) बिहार में शुक्रवार को मौसम का मिजाज अचानक बिगड़ने वाला है। राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने की संभावना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पटना स्थित मौसम विज्ञान केंद्र ने 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने तथा वज्रपात की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी बिहार, खासकर सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिमी, उत्तर-मध्य और दक्षिण-पश्चिमी बिहार के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की भी संभावना है। अलर्ट वाले जिलों में गोपालगंज, सीवान, भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, कैमूर, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास और मुजफ्फरपुर शामिल हैं।

इसके अलावा पूर्णिया, कटिहार, अररिया, सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और किशनगंज समेत उत्तरी और पूर्वी बिहार के कई जिलों में भी बारिश के आसार हैं। हालांकि पटना और आसपास के इलाकों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है।मौसम में बदलाव दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के करीब आने के बीच हो रहा है। वातावरण में नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।शनिवार से मौसम की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। रविवार तक अधिकांश इलाकों में मौसम सामान्य होने के आसार हैं, जबकि किशनगंज समेत कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश जारी रह सकती है।

विभाग ने लोगों से आंधी और वज्रपात के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। खराब मौसम में घर से बाहर निकलने से बचें और खुले मैदान, पेड़ तथा बिजली के खंभों से दूर रहें।
















