नालंदा, 27 अक्टूबर (अविनाश पांडेय) बिहारशरीफ शहर के लहेरी थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के नाम पर युवती का शारीरिक शोषण करने, गर्भवती होने पर मारपीट करने और निजी नर्सिंग होम में गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, मामले की जांच के साथ संबंधित नर्सिंग होम की भूमिका भी खंगालने की तैयारी की जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपित युवक उसी मोहल्ले में दुकान चलाता है, जहां पीड़िता रहती है। युवती ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि युवक पिछले डेढ़ साल से शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था।

इसी दौरान वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद युवक ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़िता का कहना है कि जब उसने युवक पर शादी करने का दबाव बनाया तो उसकी नीयत बदल गई। वह उससे दूरी बनाने लगा और शादी करने से बचने लगा। इसके बाद युवती ने अपने साथ हुई कथित ज्यादती की शिकायत लहेरी थाने में दर्ज कराई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत की जांच शुरू की। जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता को महिला पुलिसकर्मियों की अभिरक्षा में मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है।

थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि पीड़िता ने अपने प्रारंभिक आवेदन में एक निजी नर्सिंग होम में गर्भपात कराए जाने की बात कही है। पुलिस अब संबंधित नर्सिंग होम की भूमिका की भी जांच करेगी। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।















