पटना, 02 नवम्बर (अविनाश कुमार) बिहार के वैशाली जिले में रविवार देर रात पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के दिगही कला स्थित मरमला चौर में हुई इस मुठभेड़ में एक कुख्यात अपराधी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अपराधी की पहचान राज मंगल कुमार उर्फ छोटू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने मुठभेड़ की पुष्टि की है।पुलिस के अनुसार, वैशाली पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि रविवार रात कुछ अपराधी मरमला चौर में जुटने वाले हैं। सूचना मिलते ही सदर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू की। इसी दौरान पुलिस को देखते ही अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के लिए फायरिंग की, जिसमें राज मंगल कुमार घायल हो गया। उसके साथ मौजूद अन्य अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों की टीम उसका इलाज कर रही है। अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। घटनास्थल से पुलिस ने हथियार भी बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, राज मंगल कुमार वैशाली और समस्तीपुर जिले में लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। उसके खिलाफ लूट, आर्म्स एक्ट समेत एक दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। वह समस्तीपुर के चर्चित अनिल ज्वेलर्स लूटकांड का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है।

वर्ष 2025 में वह समस्तीपुर कोर्ट से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। तभी से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। घटना की सूचना पर एसपी शुभांक मिश्रा मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच जारी है।















