बक्सर, 11 अक्टूबर (विक्रांत) दुर्गापूजा के दौरान शहर में उमड़ने वाली भीड़ और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। 17 अक्टूबर से 21 अक्टूबर 2026 तक दोपहर 12 बजे से रात तीन बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान लोगों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों और पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करना होगा।प्रशासन के अनुसार ज्योति चौक से थाना चौक तक केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति होगी। थाना चौक से नाथ बाबा पुल, पाण्डेयपट्टी रेलवे गुमटी से मठिया मोड़, थाना चौक से रामरेखा घाट पीपी रोड होते हुए मठिया मुहल्ला पुल, मुनीम चौक से जमुना चौक-ठठेरी बाजार होते हुए थाना चौक तथा सिंडिकेट से जमुना चौक तक वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक रूट तय किए हैं। गोलंबर से बाईपास, ज्योति चौक, आइटीआइ रोड होते हुए मठिया मोड़-दानी कुटिया तथा गोलंबर से ज्योति चौक, अंबेडकर चौक होते हुए इटाढ़ी गुमटी तक वाहन चल सकेंगे।वाहनों की पार्किंग के लिए सिंडिकेट के पास, डीएवी स्कूल, बुनियादी स्कूल, आइटीआइ मैदान, रेलवे स्टेशन के समीप तथा बाजार समिति में व्यवस्था की गई है। केवल दोपहिया वाहनों के लिए किला मैदान के पीछे पार्किंग स्थल निर्धारित किया गया है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों, एंबुलेंस और अति आवश्यक सेवा वाले वाहनों पर नो-एंट्री लागू नहीं होगी। रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों से टिकट साथ रखने की अपील की गई है। 17 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से 21 अक्टूबर मध्यरात्रि तक शहर में बड़े वाहनों की इंट्री पूरी तरह बंद रहेगी। आम लोगों से अनावश्यक चारपहिया वाहन नहीं निकालने की अपील की गई है।














