बक्सर, 25 नवम्बर (विक्रांत) नशे की गिरफ्त में फंसती युवा पीढ़ी को बचाने और विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, बक्सर में जिला स्तरीय ‘विकसित भारत युवा संसद’ 2026-27 का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा मेरा युवा भारत के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में युवाओं ने ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ विषय पर अपने विचारों से सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

कार्यक्रम का उद्घाटन उप विकास आयुक्त श्रीमती निहारिका छवि एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राम नरेश राय ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। जिला युवा अधिकारी आयुषी जैन के समन्वय में आयोजित इस युवा संसद में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान प्रत्येक प्रतिभागी को अपने विचार रखने के लिए तीन मिनट का समय निर्धारित किया गया था। इस दौरान युवाओं ने नशे के बढ़ते प्रचलन, इसके भयावह दुष्परिणामों, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभाव तथा परिवार और समाज पर इसके नकारात्मक असर को प्रमुखता से उठाया।

वक्ताओं ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना नशामुक्त समाज और विकसित भारत का सपना साकार नहीं हो सकता। उन्होंने नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाने और युवा शक्ति को सकारात्मक दिशा देने पर भी जोर दिया।प्रतियोगिता के उपरांत निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के विचारों, प्रस्तुति और विषय की समझ के आधार पर परिणाम घोषित किया। इसमें अनिश तिवारी ने प्रथम स्थान हासिल कर बाजी मारी, जबकि अभिषेक सोनी द्वितीय और अफजल इस्लाम तृतीय स्थान पर रहे। निर्णायक मंडल में विमल कुमार, प्रिय रंजन चौबे, कविता कुमारी, श्याम लाल एवं राजशेखर प्रसाद शामिल थे।

जिला स्तर पर चयनित तीनों विजेता अब राज्य स्तरीय युवा संसद में बक्सर जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। समापन समारोह में विजेताओं सहित सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। आयोजन की सफलता में विद्या रश्मि, गणेश कुमार, संजय कुमार सिंह, राहुल, सोनू, निलेश, विशाल, कुंदन, रोहित, मिथुन, प्रिंस, सूर्यभान, विजय एवं शिव कुमार समेत अन्य सहयोगियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।














