पटना, 17 अक्टूबर (पटना डेस्क) बिहार के औरंगाबाद जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया है। पुलिस और मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बरुन थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 2 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के बाद तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोगों में अफरातफरी मच गई है। जानकारी के अनुसार, टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर प्रीतमपुर के पास एक गोदाम में छापेमारी की। जांच में सामने आया कि संदिग्धों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए टाइल्स कारोबार की आड़ में गोदाम किराये पर लिया था।

बाहर से यह जगह सामान्य व्यावसायिक गतिविधि का केंद्र दिखाई देती थी, लेकिन अंदर बड़े पैमाने पर गांजा छिपाकर रखा गया था।छापेमारी की भनक लगते ही मुख्य आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि कार्रवाई से पहले तस्करों ने गांजे की कुछ खेप किसी दूसरे ठिकाने पर भी पहुंचाई होगी। ऐसे में बरामदगी के साथ-साथ पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जांच एजेंसियां जुट गई हैं। कार्रवाई का नेतृत्व मद्य निषेध एवं उत्पाद विभाग के निरीक्षक नवीन कुमार सिंह, उप-निरीक्षक राजेश कुमार और कांस्टेबल गौतम कुमार ने किया।

अब टीम गांजे के स्रोत, संभावित सप्लायर और डिलीवरी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। साथ ही गोदाम संचालक और फरार आरोपियों से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तस्करी में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।














