
बक्सर, 29 अक्टूबर (विक्रांत) राज्य स्तरीय विद्यालय खो-खो प्रतियोगिता में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। बिहार के विभिन्न प्रमंडलों के बीच खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन कर जीत के लिए पूरा जोर लगा दिया। कहीं एक अंक से हार-जीत का फैसला हुआ तो कहीं निर्धारित समय समाप्त होने से पहले ही टीम ने मुकाबला अपने नाम कर लिया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन सारण, पटना, भागलपुर और तिरहुत प्रमंडल की टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी ताकत का एहसास कराया।खेल विभाग, बिहार, पटना, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण तथा जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खो-खो (बालक) प्रतियोगिता के तहत बुधवार, 28 अक्टूबर 2026 को विभिन्न आयु वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए।

प्रतियोगिता का शुभारंभ वरीय उप समाहर्ता-सह-उपाधीक्षक, शारीरिक शिक्षा, बक्सर तथा वरीय उप समाहर्ता-सह-विशेष कार्य पदाधिकारी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। अधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए अनुशासन, खेल भावना और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।अंडर-17 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में सारण प्रमंडल ने पटना प्रमंडल को महज एक अंक से शिकस्त देकर रोमांचक जीत दर्ज की। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में तिरहुत प्रमंडल ने मगध प्रमंडल को दो अंकों से पराजित किया। इस मुकाबले में तिरहुत की टीम ने निर्धारित समय समाप्त होने से तीन मिनट 40 सेकंड पहले ही जीत सुनिश्चित कर ली।अंडर-19 वर्ग के पहले सेमीफाइनल में पटना प्रमंडल ने मुंगेर प्रमंडल को दो अंकों से हराकर जीत हासिल की। दूसरे सेमीफाइनल में भागलपुर प्रमंडल ने सारण प्रमंडल को तीन अंकों से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की।

मैदान पर खिलाड़ियों की फुर्ती, रणनीति, आपसी तालमेल और दमखम ने मुकाबलों को बेहद रोमांचक बनाया। प्रतियोगिता के निष्पक्ष संचालन में तकनीकी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों और आयोजन कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जिला प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर खेल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

















