बक्सर, 05 नवंबर (विक्रांत) जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, कला और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में भास्कर महोत्सव 2026 को भव्य एवं सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी तेज हो गई है। गुरुवार, 5 नवंबर को जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजन की तैयारियों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इसमें महोत्सव के विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक के दौरान चित्रकला प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित महोत्सव के तहत आयोजित होने वाली गतिविधियों की तैयारियों पर विशेष चर्चा हुई। कार्यक्रमों के सफल संचालन, विभागीय समन्वय, आवश्यक संसाधनों और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली गई।

जिला पदाधिकारी साहिला ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि महोत्सव के सभी कार्यक्रम निर्धारित समय-सीमा के भीतर और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराए जाएं। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर अपनी जिम्मेदारियों का समय पर निर्वहन करने तथा तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा।डीएम ने कहा कि भास्कर महोत्सव बक्सर की सांस्कृतिक पहचान, कला, साहित्य और स्थानीय लोक परंपराओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। इसके माध्यम से जिले की विरासत को व्यापक पहचान मिलेगी तथा स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाशाली युवाओं को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने महोत्सव में स्थानीय कलाकारों, युवाओं और आम नागरिकों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। साथ ही कहा कि ऐसे आयोजन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के साथ नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।














