समस्तीपुर, 25 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) विभूतिपुर प्रखंड के कल्याणपुर स्थित ऐतिहासिक दैंता पोखर भीम अखाड़ा परिसर शनिवार को कुश्ती के रोमांचक मुकाबलों से गूंज उठा। सर्व कल्याणी मां दुर्गा पूजा के अवसर पर आयोजित दंगल कुश्ती प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष एवं महिला पहलवानों की कुल 25 जोड़ियों ने अखाड़े में उतरकर अपने दांव-पेंच और दमखम का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक उमड़ पड़े। प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रखंड प्रमुख सुनीता देवी ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर समाजसेवी दिलीप नारायण सिंह उर्फ पप्पू, श्याम किशोर कुशवाहा, कुश्ती कमिटी अध्यक्ष रामनाथ राय, सचिव सतीश झा, जिला परिषद सदस्य ममता कुमारी, कमिटी सदस्य स्मिता मिश्रा, संयोजक रणवीर कुमार विनोद, मंटून राय और शीलवंत राय सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पहले दिन हुए मुकाबलों में पारस बनारस ने ननकु बक्सर को, राजबहादुर गोरखपुर ने रामू वीरगंज को, लाखा पहलवान दरभंगा ने सूरज बनारस को, रुपेश समस्तीपुर ने प्रिंस बनारस को, छोटा गन्नी जम्मू-कश्मीर ने धमाका बंगाल को, सूरज देवरिया ने अंकित दिल्ली को, दिनेश बगहा ने शेरू बनारस को, रितेश बगहा ने इकबाल दरभंगा को तथा मंटून छपरा ने शैतान पश्चिम बंगाल को शिकस्त दी।

महिला वर्ग में जूही बेगूसराय ने मीनाक्षी भागलपुर को हराया। वहीं धर्मेंद्र सोनभद्र ने राजकुमार खगड़िया को पराजित किया।इसके अलावा गोलू बगहा-लाखा दरभंगा, प्रिंस कटिहार-वीरू गाजीपुर, ऋषि खगड़िया-गोलू नंदनी नगर, रैहान मधुबनी-एहसान बगहा, रितेश बगहा-कुंदन चकहबीव तथा आशीष नंदनी नगर-अंचल गाजीपुर के बीच मुकाबले बराबरी पर छूटे। कुश्ती के निर्णायक मंडल में कमलकांत पहलवान और रामप्रीत पहलवान शामिल रहे, जबकि आंखों देखा हाल अमर चौधरी ने सुनाया।

मौके पर महासचिव ललन सिंह, कोषाध्यक्ष रंजीत राय, दुर्गा पूजा समिति अध्यक्ष राम प्रवेश राय, मिथिला दुग्ध यूनियन अध्यक्ष उमेश राय, सुमन कुमार चौधरी, राहुल कुमार झा सहित कमिटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे। दंगल के दौरान अखाड़ा परिसर तालियों और उत्साह से गूंजता रहा।


















