
समस्तीपुर, 29 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) पटेल मैदान पर मंगलवार सुबह खिलाड़ियों ने जैसे ही फर्राटा भरा, तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा मैदान गूंज उठा। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जिला स्तरीय विद्यालय खेल-कूद प्रतियोगिता 2026-27 के दूसरे दिन अंडर-14 बालक-बालिका वर्ग में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताएं पटेल मैदान, खेल भवन और पोद्दार इंटरनेशनल स्कूल परिसर में हुईं।

100 मीटर बालक वर्ग में तीसवारा के अमन कुमार ने बाजी मारी। डीएवी के प्रिंस कुमार दूसरे और मनाराटोल के दुर्गेश कुमार तीसरे रहे। बालिका वर्ग में पोद्दार इंटरनेशनल की मानसी सिन्हा प्रथम, बेलारी की आरोही द्वितीय और डीएवी की ज्योति कुमारी तृतीय रहीं। 200 मीटर बालक वर्ग में प्रिंस कुमार, आदित्य कुमार और पूसा के गौरव कुमार ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। बालिका वर्ग में डीएवी की संध्या कुमारी, गोहा की आस्था भारती और पूसा की लवली कुमारी शीर्ष तीन में रहीं।

600 मीटर बालिका वर्ग में यूएस मोदी की प्रीति कुमारी, शादीपुर की ब्यूटी कुमारी और डीएवी की ज्योति कुमारी ने शानदार प्रदर्शन किया। बालक वर्ग में सरायरंजन के शुभम कुमार, पटोरी के प्रशांत कुमार और अनमोल कुमार ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाया।गोला फेंक अंडर-14 बालिका वर्ग में डीएवी की सृष्टि राज ने स्वर्ण जीता। बालक वर्ग में साकीब अली प्रथम रहे। अंडर-17 गोला फेंक में उच्च विद्यालय कर्पूरीग्राम के मो. अल्तमश ने स्वर्ण पदक हासिल किया।

भाला फेंक में भी खिलाड़ियों ने दम दिखाया। इंडोर स्टेडियम में बैडमिंटन के अंडर-14 वर्ग में डीएवी के रवि राज और पटोरी की श्रेया विजेता बनीं। खेल भवन में कबड्डी के दोनों अंडर-14 वर्गों में संत स्टीफन दलसिंहसराय चैंपियन रहा। जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि सैकड़ों खिलाड़ी प्रतियोगिता में शामिल हैं। बुधवार को अंडर-19 मुकाबले होंगे। चयनित खिलाड़ियों के बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद जिला टीम घोषित की जाएगी।


















