समस्तीपुर, 10 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क) समाहरणालय में शुक्रवार को आयोजित जिलाधिकारी जनता दरबार में जिले के विभिन्न इलाकों से पहुंचे आम लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें सीधे जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के सामने रखीं। डीएम ने आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया।जनता दरबार में लोगों ने विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। जिलाधिकारी ने एक-एक आवेदन पर संबंधित पदाधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में किया जाए। जिन मामलों में स्थल निरीक्षण जरूरी है, वहां संबंधित अधिकारी जांच कराकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों पर हुई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी मिल सके।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को जन शिकायतों के प्रति संवेदनशील रहने तथा पात्र लाभुकों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने साफ कहा कि शिकायतों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को हर आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।














