पटना, 08 मई (पटना डेस्क) लगातार आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही के बाद शुक्रवार को भागलपुर के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आज आसमान अपेक्षाकृत साफ रहेगा और दिन में अच्छी धूप खिल सकती है। हालांकि यह राहत ज्यादा दिनों तक टिकने वाली नहीं है। मौसम वैज्ञानिकों ने शनिवार से फिर मौसम बदलने और रविवार तक गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और उत्तर भारत में सक्रिय मौसमी तंत्र के कारण बिहार-झारखंड का वातावरण लगातार अस्थिर बना हुआ है।

यही वजह है कि पिछले कई दिनों से भागलपुर समेत पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम बार-बार करवट बदल रहा है। आईएमडी भागलपुर के वैज्ञानिक अनुपम नाहर के अनुसार वर्तमान में मध्य प्रदेश से झारखंड तक एक ट्रफ लाइन फैली हुई है। इसके अलावा पूर्वी बिहार और असम के बीच चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के असर से वातावरण में नमी तेजी से बढ़ रही है, जिससे बादलों का निर्माण और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की स्थिति बन रही है।हालांकि शुक्रवार को इसका असर कम रहेगा और लोगों को धूप का आनंद मिल सकता है, लेकिन शनिवार और खासकर रविवार को मौसम फिर सक्रिय हो सकता है।

गुरुवार को शहर में 15.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। आईएमडी के विज्ञानी जितेंद्र कुमार ने बताया कि अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बारिश के दौरान हवा की रफ्तार 32 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई थी।बारिश और तापमान में गिरावट से किसानों को राहत मिली है। धान की नर्सरी और सब्जी फसलों के लिए यह मौसम फायदेमंद माना जा रहा है। वहीं शहर के कई इलाकों में जलजमाव और कीचड़ ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़कों पर गड्ढों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हो रहा है।मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मई में इस तरह का बदलता मौसम अब सामान्य हो गया है। प्री-मानसून गतिविधियों के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

















