पटना, 01 मई (पटना डेस्क) देशभर में रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। भारतीय रेलवे के विशाल नेटवर्क पर मई से जून के बीच बड़े पैमाने पर असर पड़ने वाला है। जानकारी के अनुसार, इस अवधि में 350 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हो सकती हैं, जिनमें कई ट्रेनों को रद्द किया गया है तो कई के रूट में बदलाव किया गया है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, अलग-अलग रेलखंडों पर चल रहे मेंटेनेंस और ट्रैक सुधार कार्यों के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई है।

खासकर प्रयागराज के पास चुरू सादुलपुर रेलवे सेक्शन पर जारी ट्रैफिक ब्लॉक इसका मुख्य कारण बताया जा रहा है। इस कारण पैसेंजर और एक्सप्रेस दोनों तरह की ट्रेनों का संचालन प्रभावित होगा। रेलवे द्वारा ट्रैक पर चल रहे कार्यों के चलते कई ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से चलाया जा रहा है। इससे यात्रियों को समय और रूट दोनों में बदलाव का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जानना बेहद जरूरी हो गया है। यात्री अपनी ट्रेन का स्टेटस जानने के लिए रेलवे की आधिकारिक हेल्पलाइन 139 पर कॉल कर सकते हैं।

इसके अलावा, रेलवे द्वारा एसएमएस के माध्यम से भी ट्रेन के कैंसिल, लेट या डायवर्ट होने की जानकारी दी जाती है। यात्री रेलवे के आधिकारिक मोबाइल ऐप के जरिए भी रियल टाइम अपडेट प्राप्त कर सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि किसी असुविधा से बचा जा सके।

















