पटना, 27 नवंबर (पटना डेस्क) सरकारी सहायता के सहारे अपना कारोबार खड़ा करने और आत्मनिर्भर बनने का सपना देखने वाले सैकड़ों युवाओं के अरमानों पर आर्थिक संकट ने पानी फेर दिया है। मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत स्थापित 315 उद्योग-धंधे बंद हो चुके हैं। कारोबार ठप होने से कई उद्यमी कर्ज के बोझ तले दब गए हैं। हालात यह हैं कि 254 लाभुक योजना के तहत मिली ऋण राशि वापस करने में असमर्थ हैं। अब उद्योग विभाग ने बकाया वसूली के लिए नोटिस भेजना शुरू कर दिया है।वर्ष 2018 में शुरू हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत जिले में 51 ट्रेड में कुल 1078 लाभुकों का चयन किया गया था। सरकार का उद्देश्य युवाओं को आर्थिक सहायता देकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और छोटे उद्योगों के माध्यम से रोजगार पैदा करना था।

शुरुआती दौर में कई उद्यमियों ने मशीनें खरीदीं और उत्पादन भी शुरू किया, लेकिन धीरे-धीरे उनकी इकाइयों पर ताले लटकने लगे। कारोबार बंद होने के पीछे बाजार में मांग की कमी, कच्चे माल की उपलब्धता में परेशानी और संचालन के लिए अतिरिक्त पूंजी नहीं मिलना प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं। नतीजतन कई उद्यमी कारोबार को आगे बढ़ाने के बजाय घाटे में डूबते चले गए। योजना के तहत चार-चार किस्तों में सहायता राशि जारी होने के बावजूद 254 लाभुक ऋण की राशि वापस नहीं कर सके हैं। इनमें कई ऐसे उद्यमी हैं, जिनकी इकाइयां पूरी तरह बंद हो चुकी हैं। आर्थिक तंगी से जूझ रहे लाभुकों के सामने एक तरफ परिवार चलाने की चुनौती है तो दूसरी तरफ विभाग की ऋण वसूली का दबाव बढ़ गया है। लाभुकों के चयन में वर्ष 2021 सबसे आगे रहा।

इस दौरान 361 लोगों को योजना का लाभ मिला। वहीं 2018 में 77, 2020 में 74, 2022 में 128, 2023 में 180 और 2024 में 258 लाभुक चुने गए। यह स्थिति बताती है कि सिर्फ आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं है। उद्योगों को टिकाऊ बनाने के लिए बाजार, तकनीकी प्रशिक्षण, कच्चा माल और नियमित मार्गदर्शन भी जरूरी है।












