समस्तीपुर, 27 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) जिले में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने देर रात बड़े पैमाने पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक के संयुक्त नेतृत्व में सदर अनुमंडल क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मची रही। हालांकि, पूरी कार्रवाई के दौरान कोई भी आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार की देर रात 11:30 बजे शुरू हुआ छापेमारी अभियान शुक्रवार की सुबह 1:20 बजे तक चला। करीब एक घंटा 50 मिनट तक चले इस अभियान में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। कार्रवाई में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 एवं 2, लाइन डीएसपी समेत तीन पुलिस निरीक्षक, 20 पुलिस अवर निरीक्षक और 170 पुलिसकर्मी शामिल थे।
इसके अलावा जेल अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर सघन जांच और छापेमारी की गई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कार्रवाई को व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया गया।

सुरक्षा के लिहाज से चलाए गए इस विशेष अभियान में हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी गई, लेकिन तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक वस्तु हाथ नहीं लगी।जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके मद्देनजर इस तरह के सघन जांच और छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।













