पटना, 27 नवंबर (अविनाश कुमार) बिहार में हवाई कनेक्टिविटी को नई उड़ान देने की तैयारी तेज हो गई है। आने वाले तीन वर्षों में राज्य में सात नए हवाई अड्डे शुरू करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत पांच पुराने हवाई अड्डों को विकसित किया जाएगा, जबकि दो स्थानों पर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का निर्माण होगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने से बिहार के लोगों को हवाई सफर की बेहतर सुविधा मिलेगी। साथ ही पर्यटन, कारोबार और औद्योगिक गतिविधियों को भी नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।सिविल विमानन विभाग के सचिव नीलेश रामचंद्र देवरे ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर, वाल्मीकिनगर, रक्सौल, वीरपुर और सहरसा के हवाई अड्डों को उड़ान योजना के तहत विकसित किया जाएगा।

वहीं, सोनपुर और भागलपुर-मुंगेर क्षेत्र में अजगैबीनाथ धाम के नाम से दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। मुजफ्फरपुर के पताही हवाई अड्डे पर 27.67 करोड़ रुपये की लागत से टर्मिनल भवन और 31.20 करोड़ रुपये से रनवे निर्माण का काम शुरू हो चुका है। वाल्मीकिनगर में टर्मिनल निर्माण पर 27.15 करोड़ और रनवे पर 23.80 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यहां संपर्क सड़क के लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है।रक्सौल एयरपोर्ट के लिए 139 एकड़ अतिरिक्त जमीन का अधिग्रहण पूरा हो गया है। अब इसे भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण को सौंपने की तैयारी है। वीरपुर में 88.83 एकड़ जमीन अधिग्रहित की गई है। यहां 30.48 करोड़ रुपये से टर्मिनल और 28.42 करोड़ रुपये से रनवे बनेगा।

सहरसा में रनवे के लिए 12 एकड़ से अधिक जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। इस पर 42.52 करोड़ रुपये खर्च होंगे। सोनपुर में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए 4228.61 एकड़ जमीन अधिग्रहित की जाएगी। इसके लिए 1302 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं, अजगैबीनाथ धाम एयरपोर्ट के लिए भागलपुर और मुंगेर में 3145 एकड़ से अधिक भूमि चिह्नित की गई है। इस परियोजना के लिए 1330 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। दोनों एयरपोर्ट की डीपीआर और प्रभाव आकलन की प्रक्रिया जारी है।













