समस्तीपुर, 01 नवंबर (समस्तीपुर डेस्क) साहित्य जगत में अपनी प्रतिभा और निरंतर काव्य-सृजन से पहचान बनाने वाले मोहनपुर प्रखंड के राजपुर-जौनापुर निवासी चर्चित साहित्यकार हरिनारायण सिंह ‘हरि’ को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित छंदःशाला काव्य-साधना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शनिवार की रात पटना के एक्जीविशन रोड स्थित लव-कुश टावर सभागार में छंदःशाला विद्यापीठ के भव्य वार्षिकोत्सव में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।

हरि को यह पुरस्कार उनके अनवरत और स्तरीय काव्य-सृजन के लिए दिया गया। सम्मान स्वरूप उन्हें चादर, प्रतीक चिह्न और नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। समारोह के मुख्य अतिथि संत डॉ. वीरेन्द्र बी. पांडेय उर्फ पवन जी महाराज (लखनऊ), संस्थाध्यक्ष आचार्य विजय गुंजन तथा अन्य साहित्यकारों ने उन्हें सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्तर पर चर्चित साहित्यिक संस्था छंदःशाला विद्यापीठ के इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए सौ से अधिक साहित्यकारों की उपस्थिति रही।

मौके पर महासचिव डॉ. अभिलाषा सिंह, डॉ. राशदादा राश, कुमार कांत, डॉ. रामरक्षा विमल, अनिल कुमार झा, अखौरी चन्द्रशेखर, रंजना लता और पूनम श्रेयसी सहित कई साहित्यकार मौजूद रहे।हरिनारायण सिंह ‘हरि’ की इस उपलब्धि से उनके गृह क्षेत्र में खुशी की लहर है।

विधायक राजेश कुमार सिंह, साहित्यकार बैद्यनाथ पंडित प्रभाकर, अश्विनीकुमार आलोक, मुकेश कुमार मृदुल, ज्वाला सांध्यपुष्प, बशिष्ठ राय बशिष्ठ, पूर्व जिला पार्षद रामचन्द्र सिंह, पर्यावरणसेवी सुजीत भगत और भाई रणधीर सहित अनेक लोगों ने उन्हें बधाई दी। साहित्य प्रेमियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।


















