पटना, 26 अक्टूबर (पटना डेस्क) रोहतास जिले के सासाराम में सोमवार की सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के फजलगंज स्थित पुरानी जीटी रोड पर हुई, जहां अनियंत्रित वाहन ने सड़क किनारे जा रहे मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 48 वर्षीय जयप्रकाश पासवान के रूप में हुई है। वह बड्डी थाना क्षेत्र के कचनथ गांव के निवासी थे।

बताया जाता है कि सुबह वह किसी काम से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जयप्रकाश ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के आश्रितों को सरकारी स्तर पर उचित मुआवजा देने और फरार चालक की गिरफ्तारी की मांग की। सड़क जाम से आवागमन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

घटनास्थल से पुलिस को एक वाहन का नंबर प्लेट मिला है। आशंका है कि यह हादसे में शामिल वाहन का ही हो सकता है। पुलिस नंबर प्लेट के आधार पर वाहन और उसके चालक की पहचान में जुटी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।













