समस्तीपुर, 25 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) लोहिया आश्रम, समस्तीपुर में रविवार को जदयू व्यवसायिक एवं उद्योग प्रकोष्ठ की बैठक में राज्य में व्यापार और उद्योग को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक विशाल कुमार ने कहा कि नीतीश सरकार के सत्ता में आने के साथ ही व्यवसायियों के विकास, उद्योगों के विस्तार और व्यापार के अनुकूल माहौल तैयार करने को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि व्यवसायी बिहार की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं।उन्होंने कहा कि राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए व्यवसाय एवं उद्योग का विस्तार, उद्यमिता को प्रोत्साहन तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना बेहद जरूरी है।

सरकार की नीतियों का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने और व्यवसायियों की समस्याओं को मजबूती से उठाने के लिए संगठन को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने व्यवसायिक साथियों से एकजुट होकर संगठन को मजबूत बनाने तथा अपने हितों के साथ-साथ बिहार के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। बैठक में समस्तीपुर विधायक अश्वमेघ देवी, जदयू जिलाध्यक्ष डॉ. दुर्गेश राय, अरविंद कुमार निराला, छेदीलाल भरतीया, सचिन कुमार, डॉ. अमित कुमार मुन्ना एवं प्रो. तकी अख्तर सहित अन्य वक्ताओं ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने व्यवसायियों के हितों की रक्षा, संगठनात्मक मजबूती और व्यापार एवं उद्योग के विस्तार की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष वृंद साह ने की, जबकि संचालन जदयू जिला प्रवक्ता अनस रिजवान ने किया। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत व्यवसायिक वातावरण से न केवल कारोबार को गति मिलेगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। बैठक के अंत में वृंद साह ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए सभी अतिथियों और उपस्थित व्यवसायिक साथियों के प्रति आभार जताया।














