पटना, 26 अक्टूबर (पटना डेस्क) पूर्णिया में आयोजित चर्चित खुर्दा महोत्सव में भोजपुरी सिनेमा के पावरस्टार खेसारी लाल यादव की प्रस्तुति के दौरान अचानक हंगामा मच गया। कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के बीच किसी युवक ने मंच पर प्रस्तुति दे रहे खेसारी लाल यादव की ओर चप्पल फेंक दी। अचानक हुई इस शर्मनाक हरकत से कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना से मंच पर मौजूद पूर्णिया के सांसद और महोत्सव के मुख्य संरक्षक पप्पू यादव भी खासे नाराज हो गए।चप्पल लगने के बाद खेसारी लाल यादव कुछ क्षण के लिए स्तब्ध नजर आए, लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा। गाना रोककर उन्होंने मंच से ही आरोपी युवक पर तंज कसते हुए कहा, “बहुत अच्छा किया बेटा, आई लव यू।

क्या लड़का है, तुम बहुत आगे जाओगे।” उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि गलतियां भी दुनिया को सीखने का मौका देती हैं। खेसारी के इस जवाब पर पंडाल में मौजूद दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।इधर, सांसद पप्पू यादव ने मंच से ही चेतावनी देते हुए कहा कि चप्पल फेंकने वाला युवक CCTV कैमरों में कैद हो चुका है। उन्होंने भरोसा जताया कि प्रशासन दो दिनों के भीतर आरोपी को तलाश लेगा और कार्रवाई की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान भीड़ की बेकाबू दीवानगी भी देखने को मिली। कई दर्शक सुरक्षा व्यवस्था को दरकिनार कर बिजली के खंभों पर चढ़ गए। यह देख पप्पू यादव भड़क उठे और लोगों को जमकर फटकार लगाई।

उन्होंने स्थिति नहीं संभलने पर कार्यक्रम बंद कराने तक की चेतावनी दे दी।हर साल दुर्गापूजा के अवसर पर होने वाले खुर्दा महोत्सव में इस बार खेसारी लाल यादव को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।













