पटना, 25 अक्टूबर (पटना डेस्क) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड में एक बार फिर पूर्णिया के मखाने का जिक्र कर इसकी बढ़ती वैश्विक पहचान पर मुहर लगा दी। उन्होंने बताया कि बिहार का मखाना अब ग्रीस तक पहुंच रहा है। प्रधानमंत्री ने ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान पर जोर देते हुए कहा कि भारतीय उत्पाद तेजी से वैश्विक बाजारों में अपनी जगह बना रहे हैं। इससे किसानों, उत्पादकों और स्थानीय कारोबारियों के लिए रोजगार व आमदनी के नए अवसर खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री के इस उल्लेख से पूर्णिया के लोगों में खुशी की लहर है।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष आदित्य केजरीवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा मखाने का जिक्र किया जाना पूर्णियावासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्णिया दौरे के दौरान भी मखाना कारोबार के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही थीं। पिछले दस वर्षों में मखाना कारोबार में बड़ा बदलाव आया है और प्रधानमंत्री के प्रोत्साहन से हजारों युवा खेती से लेकर इसके व्यापार तक से जुड़ रहे हैं। केजरीवाल ने कहा कि मखाना अब केवल स्थानीय बाजार की उपज नहीं रह गया है, बल्कि इसका ग्लोबल बाजार तैयार हो चुका है। इसे सुपरफूड के तौर पर भी पहचान मिल रही है।

पहले किसानों को मखाना उत्पादन से अपेक्षित आमदनी नहीं होती थी, लेकिन अब आधुनिक तकनीक, सरकारी योजनाओं और सब्सिडी से किसानों की आय बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मखाना कारोबार में बढ़ते मुनाफे को देखते हुए दूसरे व्यवसायों से जुड़े युवा भी इसकी ओर आकर्षित हो रहे हैं। बाजार में मखाना चिप्स समेत कई नए उत्पाद विभिन्न स्वादों में उपलब्ध हैं। इससे आने वाले समय में मखाना उद्योग के और विस्तार की उम्मीद है। केजरीवाल ने मांग की कि मखाना बोर्ड का गठन दरभंगा की बजाय पूर्णिया में किया जाए, क्योंकि मखाने का प्रमुख कच्चा माल इसी क्षेत्र में उपलब्ध होता है। इससे स्थानीय किसानों और कारोबारियों को सीधा लाभ मिलेगा।













