समस्तीपुर, 05 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) बिहार विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को स्वच्छ, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न निर्वाचन कोषांगों के प्रभारी अधिकारियों से अब तक की गई तैयारियों की बिंदुवार जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि भारत निर्वाचन आयोग और निर्वाचन विभाग, बिहार की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन एक महत्वपूर्ण संवैधानिक प्रक्रिया है। ऐसे में सभी कोषांग अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ करें। निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कार्मिक कोषांग को मतदान एवं अन्य निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक कर्मियों की उपलब्धता, प्रतिनियुक्ति और प्रशिक्षण की प्रक्रिया समय पर पूरी करने को कहा गया। परिवहन कोषांग को पर्याप्त वाहनों की व्यवस्था तथा उनके समुचित उपयोग की कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।सामग्री कोषांग को निर्वाचन सामग्री की उपलब्धता, सुरक्षित भंडारण और मतदान दलों को समय पर सामग्री उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

वहीं प्रेक्षक कोषांग को निर्वाचन प्रेक्षकों से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरा करने का निर्देश मिला।निर्वाचन कोषांग को आयोग के कार्यक्रम के अनुसार सभी प्रक्रियाओं में बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा गया। मीडिया कोषांग को अधिकृत एवं प्रमाणिक सूचनाओं का समयबद्ध प्रसार करने तथा मतदाताओं को निर्वाचन से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया। डीएम ने सभी कोषांगों को आपसी समन्वय और नियमित अनुश्रवण के साथ काम करने का निर्देश दिया। बैठक में डीडीसी सूर्य प्रताप सिंह, अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार, अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन राजेश सिंह समेत विभिन्न कोषांगों के प्रभारी और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।














