• Home
  • राजनीति
  • विधान परिषद की एक सीट पर मचा सियासी घमासान: राजद में दावेदारों की भीड़, ओवैसी से लेकर सवर्ण समीकरण तक पर नजर
Image

विधान परिषद की एक सीट पर मचा सियासी घमासान: राजद में दावेदारों की भीड़, ओवैसी से लेकर सवर्ण समीकरण तक पर नजर

पटना, 07 जून (अविनाश कुमार) ,बिहार विधान परिषद की 10 सीटों (9 द्विवार्षिक और 1 उपचुनाव) के लिए होने वाले चुनाव ने राज्य की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है। एनडीए ने अपने सभी उम्मीदवारों के नाम घोषित कर तस्वीर लगभग साफ कर दी है, लेकिन विपक्षी खेमे में अब भी सस्पेंस बरकरार है। सबसे ज्यादा चर्चा उस एक सीट को लेकर है, जो मौजूदा संख्या बल के हिसाब से महागठबंधन के खाते में जाती दिख रही है। इसी एक सीट के लिए राजद के भीतर जबरदस्त खींचतान शुरू हो गई है। एनडीए की ओर से भाजपा ने चार, जेडीयू ने चार और लोजपा (रामविलास) ने एक उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है।

वहीं राजद अब तक अपने उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला नहीं कर पाया है। राजनीतिक जानकारों के अनुसार विधान परिषद चुनाव में जीत के लिए एक उम्मीदवार को कम से कम 28 विधायकों के प्रथम वरीयता मतों की जरूरत होती है, जबकि राजद के पास अपने केवल 25 विधायक हैं। ऐसे में पार्टी को कांग्रेस और AIMIM के समर्थन की आवश्यकता पड़ेगी। राजद के सामने सबसे बड़ी चुनौती सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की है। एक ओर AIMIM चाहती है कि मुस्लिम समुदाय से जुड़े चेहरे को मौका मिले, क्योंकि राज्यसभा चुनाव में उसके विधायकों ने महागठबंधन का समर्थन किया था। दूसरी ओर पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिस्कोमान के पूर्व अध्यक्ष सुनील सिंह की दावेदारी भी मजबूत मानी जा रही है।

राजपूत समाज से आने वाले सुनील सिंह के पक्ष में पार्टी का एक प्रभावशाली वर्ग खुलकर पैरवी कर रहा है। इस बीच सियासी गलियारों में तेजस्वी यादव के फैसले पर सबकी नजर टिकी है। माना जा रहा है कि उम्मीदवार चयन का असर आगामी विधानसभा चुनावों के सामाजिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है। उधर, एनडीए सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा की भूमिका को लेकर भी अटकलें तेज हैं। उनके बेटे दीपक प्रकाश के लिए अब तक सीट घोषित नहीं होने से राजनीतिक चर्चाएं गर्म हैं। कुशवाहा ने फिलहाल संकेतों में ही जवाब दिया है, “इंतजार कीजिए, अभी बहुत समय है।” ऐसे में विधान परिषद चुनाव की यह जंग आने वाले दिनों में और दिलचस्प होने की संभावना है।

Releated Posts

जदयू में फिर बढ़ा नालंदा का कद: संजय कांत सिन्हा लगातार तीसरी बार बने प्रदेश महासचिव, कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल

नालंदा, 08 जुलाई (अविनाश पांडेय) जनता दल (यूनाइटेड) ने संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में नई…

बक्सर में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर विकसित भारत 2047 का गूंजा संकल्प

बक्सर, 06 जुलाई (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी की ओर से सोमवार को अहिरौली स्थित जिला कार्यालय में जनसंघ…

श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारियां तेज

बक्सर, 4 जुलाई (विक्रांत) भारतीय जनता पार्टी की जिला इकाई ने आगामी 6 जुलाई को आयोजित होने वाले…

भरत तिवारी एनकाउंटर पर BJP विधायक का बड़ा हमला: बोली—गलत काम करने वाले पुलिस अफसर को मिले कड़ी से कड़ी सजा

पटना, 02 जुलाई (पटना डेस्क) भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए चर्चित भरत तिवारी एनकाउंटर मामले ने…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top