बक्सर, 13 जुलाई (विक्रांत) पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ सोमवार को ऐसा सघन अभियान चलाया कि पूरे पटना-गया रेलखंड में हड़कंप मच गया। वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक, दानापुर के निर्देशन में 13 जुलाई 2026 को पुनपुन और तारेगना स्टेशनों पर वाणिज्य विभाग तथा रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने विशेष टिकट चेकिंग स्पेशल ट्रेन, जिसे आमतौर पर लाल गाड़ी के नाम से जाना जाता है, के साथ व्यापक जांच अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान पुनपुन और तारेगना स्टेशनों से गुजरने वाली लगभग सभी ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव देकर यात्रियों के टिकटों की गहन जांच की गई। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

कई यात्रियों ने मौके पर ही जुर्माना भरकर अपनी यात्रा जारी रखी, जबकि अनियमित टिकट वाले यात्रियों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।रेल प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई में कुल 217 बिना टिकट एवं अनियमित टिकट वाले यात्री पकड़े गए। इनसे जुर्माने के रूप में 1 लाख 48 हजार 395 रुपये का रेल राजस्व वसूला गया। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल राजस्व बढ़ाना नहीं, बल्कि यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की आदत विकसित करना और रेलवे के नियमों का पालन सुनिश्चित करना भी है। अभियान का असर पूरे पटना-गया रेलखंड में साफ दिखाई दिया। टिकट जांच की खबर फैलते ही विभिन्न स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर यात्रियों की लंबी कतारें लग गई।

बड़ी संख्या में लोगों ने यात्रा से पहले टिकट खरीदना उचित समझा, जिससे स्टेशनों पर टिकट बिक्री में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई।दानापुर मंडल के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट या वैध यात्रा प्राधिकार के साथ ही सफर करें। रेलवे प्रशासन का मानना है कि नियमित जांच अभियान न केवल रेल राजस्व की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे, बल्कि ईमानदार यात्रियों को बेहतर और व्यवस्थित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

















