समस्तीपुर, 23 सितम्बर (हर्षिता “अश्क”) जिले के उजियारपुर प्रखंड अंतर्गत गावपुर पंचायत के योगी चौक के पास मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसे में महेश्वर प्रसाद सिंह (निवासी वार्ड संख्या-12, गावपुर पंचायत) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।मिली जानकारी के अनुसार, महेश्वर प्रसाद सिंह रोज की तरह हाट से सब्जी लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर एक हाइवा को निकालने के लिए पहुंची एसी क्रेन/हाइड्रा मशीन की चपेट में वे आ गए।

हादसा इतना गंभीर था कि उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही उजियारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना की जांच के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क के फ्लैंक को भरकर कुछ लोगों द्वारा किए गए कथित अवैध निर्माण से सड़क की चौड़ाई प्रभावित हुई है। इससे बड़े वाहनों के आवागमन में परेशानी होती है।

ग्रामीणों ने फ्लैंक पर हुए निर्माण की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलने पर मुखिया अजय सिंह, सरपंच, समाजसेवी गौरीशंकर सिंह, अवधेश मिश्रा समेत सैकड़ों ग्रामीण मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।













