दरभंगा, 12 नवंबर (अजय राय) भाजपा विधायक और प्रसिद्ध लोक गायिका मैथिली ठाकुर तथा उनके पिता रमेश ठाकुर पर जमीन अतिक्रमण करने के गंभीर आरोप लगे हैं। जिले की पोखड़बिंदा पंचायत में सामने आए इस विवाद ने स्थानीय स्तर पर हलचल मचा दी है। ग्रामीणों का आरोप है कि ठाकुर परिवार की ओर से बनाई गई चारदीवारी और गेट के कारण सार्वजनिक रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों की शिकायत के अनुसार, कथित अतिक्रमण का मामला केवल सरकारी सड़क तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक और सामुदायिक स्थल भी प्रभावित हो रहे हैं।

आरोप है कि ग्राम देवता तिवारी बाबा के मंदिर तक जाने वाले रास्ते, सरकारी सड़क और जल निकासी के लिए बने नाले पर भी अतिक्रमण किया गया है। इसके अलावा निजी रैयती जमीन और सामुदायिक श्मशान घाट की भूमि को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। ग्रामीणों ने तालाब के पानी की निकासी को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। उनका आरोप है कि पानी निकलने वाले रास्ते को मिट्टी डालकर बंद कर दिया गया है। इससे आने वाले दिनों में बारिश के दौरान इलाके में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते निकासी मार्ग को बहाल नहीं किया गया तो आसपास के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ सकती है।

मामले को लेकर ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी के कार्यालय से लेकर बिहार सरकार के सहयोग पोर्टल और मुख्यमंत्री कार्यालय तक लिखित शिकायत भेजी है। लगातार शिकायतों के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। अंचलाधिकारी आलोक कुमार ने आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि राजस्व विभाग के एक अधिकारी द्वारा घटनास्थल का प्रारंभिक निरीक्षण किया जा चुका है। निष्पक्ष जांच के लिए दोनों पक्षों को जनता दरबार में उपस्थित होने के लिए बुलाया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संबंधित दस्तावेजों की जांच, स्थल की वास्तविक स्थिति और सरकारी अमीन से कराई जाने वाली पैमाइश के आधार पर आगे का निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल मैथिली ठाकुर या उनके परिवार की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। बताया जा रहा है कि वे अभी क्षेत्र से बाहर हैं। प्रशासनिक जांच के बाद ही अतिक्रमण संबंधी आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।













