समस्तीपुर, 02 सितम्बर (मोहम्मद जमशेद) मुसहर एवं अन्य दलित-गरीब बस्तियों पर बुलडोजर चलाने के विरोध तथा गरीब परिवारों को वासगीत पर्चा, आवास और भूमि अधिकार देने की मांग को लेकर 3 सितंबर को प्रस्तावित प्रदर्शन की तैयारी तेज हो गई है। बुधवार को भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, किसान नेता ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, मनोज कुमार सिंह और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में विभिन्न मुसहरी बस्तियों में नुक्कड़ सभाएं की गईं। इस दौरान लोगों से बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से रैयती और सरकारी जमीन पर बसे मुसहर एवं गरीब परिवारों को उजाड़ना अन्यायपूर्ण है।

उन्होंने भूमिहीनों को वासभूमि, आवास और वासगीत पर्चा देने तथा दलित-गरीब टोलों तक सड़क और पहुंचपथ उपलब्ध कराने की मांग की।वक्ताओं ने ताजपुर अंचलाधिकारी आरती कुमारी पर मुसहरी क्षेत्रों में बुलडोजर चलाने, जलनिकासी प्रभावित करने वाले डूबाऊ गड्ढे खोदने और सरकारी बहा भरने जैसी कार्रवाई के लिए जिम्मेदार होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ताजपुर में सड़कों और दर्जनों एकड़ सरकारी जमीन पर दबंगों का कब्जा है, लेकिन कार्रवाई गरीब बस्तियों पर हो रही है।

मामले की जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।प्रदर्शन 3 सितंबर को सुबह 11 बजे सरकारी बस स्टैंड से जुलूस के रूप में निकलेगा और अनुमंडलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया जाएगा।
















