पटना, 18 नवंबर (पटना डेस्क) भागलपुर जिले में शिक्षा विभाग में 98.12 लाख रुपये के फर्जी वेतन भुगतान का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि अब मकान किराया भत्ता (एचआरए) और सीटीए में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ है। प्रखंड स्तर के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा जिले के 1500 से अधिक शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। अक्टूबर महीने का वेतन अटकने से शिक्षकों में नाराजगी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) मुकेश कुमार ने सभी संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) से जवाब तलब किया है। विभागीय जांच में वेतन सूची तैयार करने के दौरान कई गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं।

जानकारी के अनुसार, दूसरे जिले और क्षेत्रों से तबादला लेकर भागलपुर आए कई शिक्षकों ने अपने नए पदस्थापन के अनुरूप एचआरए की दर में बदलाव नहीं कराया। इसके बावजूद वे पुराने स्थान की दर से मकान किराया भत्ता लेते रहे। वहीं, कुछ शिक्षक ग्रामीण क्षेत्रों में पदस्थापित होने के बावजूद शहरी क्षेत्र की दर से एचआरए का लाभ उठा रहे थे। इस तरह की गड़बड़ियों ने विभागीय निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ मामलों में मिलीभगत की आशंका भी जताई जा रही है। डीईओ मुकेश कुमार ने जारी पत्र में प्रथम दृष्टया इसे संबंधित अधिकारियों की गंभीर लापरवाही माना है। उन्होंने बीईओ से पूछा है कि शिक्षकों के पदस्थापन और भत्तों का सत्यापन समय पर क्यों नहीं किया गया तथा अनियमितताओं की जानकारी उच्च अधिकारियों को पहले क्यों नहीं दी गई।

डीईओ ने सभी बीईओ को वास्तविक पदस्थापन और निर्धारित दर के अनुसार एचआरए एवं सीटीए में सुधार कर संशोधित वेतन सूची तत्काल जिला कार्यालय भेजने का निर्देश दिया है। अब विभागीय जांच के बाद ही शिक्षकों के लंबित वेतन भुगतान का रास्ता साफ हो सकेगा।














