बक्सर, 27 नवम्बर (विक्रांत) जिले में सरकारी संस्थानों की बदहाल तस्वीर बदलने और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के निर्देश पर राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जिले में ‘सेवा संकल्प-सह-कायाकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। इसके तहत स्कूलों, अस्पतालों, पंचायत भवनों, सामुदायिक भवनों और छात्रावासों की सूरत बदलने की तैयारी है। अभियान का लक्ष्य सरकारी परिसंपत्तियों को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित और जनोपयोगी बनाना है।इस अभियान के तहत जिले के विभिन्न सरकारी भवनों और संस्थानों का निरीक्षण कर उनकी मौजूदा स्थिति का आकलन किया जा रहा है।

जहां जैसी जरूरत है, वहां साफ-सफाई, रंग-रोगन, भवनों की मरम्मत, परिसर का सौंदर्यीकरण, पेयजल, शौचालय और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त कराया जा रहा है। विद्यालयों में कक्षाओं को व्यवस्थित करने, परिसर की सफाई, शौचालयों की मरम्मत और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित और सुविधाजनक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।स्वास्थ्य केंद्रों में स्वच्छता, प्रतीक्षालय, शौचालय, पेयजल और भवनों के रखरखाव को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर माहौल मिल सके। पंचायत एवं सामुदायिक भवनों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और परिसर की सफाई कर उन्हें ग्रामीण गतिविधियों के लिए अधिक उपयोगी बनाया जाएगा। वहीं, छात्रावासों में स्वच्छ आवासीय व्यवस्था, प्रकाश, पेयजल और शौचालय की सुविधाएं बेहतर की जाएंगी।

जिला प्रशासन अभियान के कार्यों की नियमित समीक्षा कर रहा है। संबंधित विभागों और प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में काम पूरा करने का निर्देश दिया गया है। लापरवाही और अनावश्यक विलंब पर जवाबदेही तय की जाएगी। प्रशासन का मानना है कि सरकारी भवन केवल इमारत नहीं, बल्कि जनसेवा के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। इनके बेहतर रखरखाव और सुविधाओं में सुधार से आम लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। स्वच्छ संस्थान, बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण जनसेवा के जरिए विकसित बक्सर का सपना साकार करने की दिशा में यह अभियान अहम कदम माना जा रहा है।














