बक्सर, 29 नवंबर (विक्रांत) सिवान के बड़हरिया स्थित मदरसे में पढ़ने वाले दो मासूम छात्रों मोहम्मद जैद (14 वर्ष) और अशरफ अली (13 वर्ष) के शव पड़ोसी जिले गोपालगंज में अलग-अलग स्थानों से बरामद होने की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। दो बच्चों की दर्दनाक मौत से लोगों में गहरा आक्रोश है। घटना की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने की मांग को लेकर विरोध की आवाज तेज होने लगी है। इसी कड़ी में आयोजित आक्रोश मार्च में डुमरांव से पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने शामिल होकर न्याय की मांग बुलंद की।

आक्रोश मार्च में पूर्व विधायक डुमरांव एवं इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजित कुमार सिंह तथा इंसाफ मंच सह RYA के मीडिया प्रभारी मो. नासिर हसन ने भाग लिया। प्रतिनिधिमंडल ने दोनों मासूम बच्चों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र के बच्चों की इस तरह मौत बेहद गंभीर और चिंताजनक मामला है। घटना की सच्चाई सामने लाना और दोषियों को कानून के कठघरे में खड़ा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
नेताओं ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और सरकार दोनों का साझा दायित्व है। ऐसी हृदयविदारक घटनाओं को सामान्य घटना मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। पीड़ित परिवारों को सिर्फ आश्वासन देने से न्याय नहीं मिलेगा, बल्कि प्रशासन को निष्पक्षता और पूरी गंभीरता के साथ कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार का राजनीतिक अथवा प्रशासनिक दबाव स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

प्रतिनिधिमंडल की ओर से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच कराने, घटना में शामिल सभी संभावित दोषियों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी करने तथा उनके खिलाफ त्वरित कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई। साथ ही दोषियों को कठोर सजा दिलाने और दोनों पीड़ित परिवारों को उचित मुआवजा एवं आवश्यक सरकारी सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।इसके अलावा बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन से ठोस और प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं हो सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह मामला केवल दो परिवारों को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक बच्चे के जीवन, सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों से जुड़ा हुआ है। डॉ. अजित कुमार सिंह और मो. नासिर हसन ने कहा कि जब तक दोनों पीड़ित परिवारों को न्याय नहीं मिलता, तब तक इंसाफ की आवाज उठती रहेगी। मार्च के दौरान मोहम्मद जैद और अशरफ अली को इंसाफ दिलाने तथा दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग प्रमुखता से उठाई गई। दोनों मासूमों की मौत ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।













