समस्तीपुर, 29 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडलीय अंडर-14 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है। शुक्रवार को शहर के पटेल मैदान में खेले गए दो रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबलों में पटना और मगध प्रमंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट कटाया। दोनों मुकाबलों में जीत-हार का फैसला आखिरी ओवरों तक रोमांच बना रहा। पटना ने तिरहुत को चार रनों से और मगध ने सारण को सात रनों से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

पहले सेमीफाइनल में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पटना की टीम ने निर्धारित 15 ओवर में पांच विकेट खोकर 112 रन बनाए। आयुष ने 37, रोचक ने 32 और यश ने 28 रनों का योगदान दिया। तिरहुत की ओर से आयुष, सचिन और बिलाल ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में तिरहुत की टीम ने लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरा जोर लगाया। बिलाल ने 36 और शक्ति सिंह ने 13 रन बनाए, लेकिन टीम नौ विकेट पर 108 रन ही बना सकी। पटना की जीत में अवनीश आनंद और आयुष कुमार की गेंदबाजी निर्णायक रही। दोनों ने तीन-तीन विकेट झटके।दूसरे सेमीफाइनल में मगध ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 98 रन बनाए।

ऋतुराज ने 35, हिमांशु ने 24 और अंकुर ने 11 रन जोड़े। जवाब में सारण की टीम पी. कुमार के 29, विजय कुमार के 13 और युवराज कुमार के 11 रनों के बावजूद आठ विकेट पर 91 रन ही बना सकी। मगध के प्रकाश ने दो विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। रोहन राजपूत, अंतरिक्ष और आयुष ने भी एक-एक विकेट हासिल किया।प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों के अंपायरों ने निष्पक्ष भूमिका निभाई।

जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा ने बताया कि रविवार सुबह नौ बजे पटेल मैदान में पटना और मगध के बीच फाइनल मुकाबला होगा। मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। अब सबकी निगाहें खिताब की इस आखिरी जंग पर टिकी हैं।














