बक्सर, 29 नवंबर (विक्रांत) छठ महापर्व के दौरान उमड़ी यात्रियों की भारी भीड़ के बीच पूर्व मध्य रेल के दानापुर मंडल ने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए व्यापक इंतजाम किए। बेहतर पूर्व नियोजन, अतिरिक्त ट्रेनों, सैकड़ों रेलकर्मियों की तैनाती और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की आवाजाही को व्यवस्थित बनाने का प्रयास किया। इस दौरान मंडल में यात्री आवागमन का आंकड़ा बढ़कर 34.46 लाख तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 4.8 प्रतिशत अधिक है। रेलवे के आंकड़ों के अनुसार, छठ पूजा के दौरान तुलनात्मक दस दिवसीय अवधि में वर्ष 2025 में 32.88 लाख यात्रियों ने यात्रा की थी, जबकि 2026 में यह संख्या बढ़कर 34.46 लाख हो गई।

त्योहार के बाद घर लौटने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 16 से 30 नवंबर तक 277 TOD स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की व्यवस्था की गई।भीड़ को नियंत्रित करने के लिए मंडल के 12 स्टेशनों पर 31,300 वर्गफीट क्षेत्र में 15 यात्री होल्डिंग एरिया विकसित किए गए। अकेले पटना जंक्शन पर 16,100 वर्गफीट में तीन तथा दानापुर स्टेशन पर 8,000 वर्गफीट में दो होल्डिंग एरिया बनाए गए। यहां पेयजल, बैठने, रोशनी, चिकित्सा सहायता, पूछताछ काउंटर और इलेक्ट्रॉनिक ट्रेन सूचना बोर्ड की सुविधा उपलब्ध कराई गई।सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर करीब 550 अतिरिक्त रेलकर्मियों के साथ 700 आरपीएफ जवानों की तैनाती की गई।

यात्रियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए 986 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए। वहीं पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर और दानापुर स्टेशन पर ड्रोन से भी निगरानी की गई।टिकट काउंटरों पर भीड़ कम करने के लिए 53 एम-यूटीएस उपकरण लगाए गए। इसके अलावा अस्थायी टिकट काउंटर भी खोले गए। यात्रियों को कतारबद्ध तरीके से होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक पहुंचाने के लिए बैरिकेडिंग, अलग प्रवेश-निकास मार्ग और उद्घोषणा प्रणाली की व्यवस्था की गई।पटना जंक्शन, राजेंद्र नगर, दानापुर, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर और किऊल समेत प्रमुख स्टेशनों पर वॉर रूम बनाए गए। मंडल स्तर पर भी चौबीसों घंटे निगरानी के लिए डिविजनल वॉर रूम संचालित रहा। ट्रेनों की टिकट बिक्री और प्रतीक्षा सूची की प्रति घंटे समीक्षा की गई। पटना जंक्शन पर क्विक रिस्पॉन्स टीम के साथ प्रमुख स्टेशनों पर चिकित्सा दल भी तैनात रहे।वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक अभिनव सिद्धार्थ ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक विनोद कुमार के नेतृत्व और बेहतर समन्वय के कारण सभी व्यवस्थाएं सफलतापूर्वक संचालित की गईं।













