दरभंगा, 29 नवंबर (अजय राय) ग्रामीण क्षेत्र में उच्च शिक्षा की तस्वीर बदलने की दिशा में बहेड़ी स्थित बिलट महथा आदर्श महाविद्यालय ने एक बड़ी उपलब्धि की ओर कदम बढ़ाया है। महाविद्यालय परिसर में विज्ञान संकाय के नए भवन निर्माण की रविवार को विधिवत आधारशिला रखी गई। करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह भवन इलाके के शैक्षणिक विकास को नई दिशा देने के साथ छात्र-छात्राओं के लिए उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास स्थानीय विधायक एवं बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ एनडीए के सचेतक प्रो. विनय कुमार चौधरी तथा ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एसके चौधरी ने संयुक्त रूप से किया।

आधारशिला रखे जाने के साथ ही महाविद्यालय में आधुनिक विज्ञान शिक्षा की सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है।समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. एसके चौधरी ने महाविद्यालय की विकास यात्रा की सराहना की। उन्होंने कहा कि विधायक के लगातार प्रयासों और पहल के कारण कॉलेज ने कम समय में उल्लेखनीय प्रगति की है। विज्ञान संकाय के नए भवन से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को अपने आसपास ही बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विश्वविद्यालय प्रशासन महाविद्यालय के विकास और शैक्षणिक संसाधनों के विस्तार में हरसंभव सहयोग करेगा। वहीं विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी ने विज्ञान भवन को विधानसभा क्षेत्र के शैक्षणिक विकास की दिशा में मील का पत्थर बताया। उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिया कि भवन निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

करीब 20 करोड़ रुपये की इस परियोजना को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया। विधायक ने महाविद्यालय की उपलब्धियों का श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के मार्गदर्शन को भी दिया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य कामेश्वर यादव, रामशंकर सिंह, मनोज चौधरी, नवीन शंकर सिंह और पिंटू झा सहित कई जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद, छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक मौजूद रहे। विज्ञान भवन की आधारशिला रखे जाने से क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा।












