समस्तीपुर, 29 नवंबर (हर्षिता “अश्क”) जिस घर में चंद दिनों बाद शादी की शहनाई गूंजने वाली थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है। हाथों में मेहंदी और सिर पर सेहरा सजने से पहले ही 30 वर्षीय राकेश कुमार की जिंदगी का सफर खत्म हो गया। कर्पूरीग्राम रेलवे स्टेशन से आगे रेलवे गुमटी के समीप ट्रेन से कटकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। आगामी 4 दिसंबर को उसकी शादी तय थी और घर में विवाह की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। इस हृदयविदारक घटना ने परिवार की सारी खुशियों को एक झटके में मातम में बदल दिया।मृतक की पहचान शिवाजीनगर थाना क्षेत्र के श्री ब्रह्मा गांव निवासी रमेश मंडल के पुत्र राकेश कुमार के रूप में हुई है। उसकी पहचान घटनास्थल पर मिले गाड़ी के ऑनर बुक और हाथ पर बने टैटू के आधार पर की गई। सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।

वहां शव देखते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।मृतक के मौसेरे भाई नुनु बाबू ने बताया कि राकेश तीन बहनों का इकलौता भाई था। वह मुंबई में रहकर मजदूरी करता था और छठ पर्व पर घर आया था। परिवार ने उसकी शादी तय कर रखी थी। चार दिसंबर को विवाह होना था। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि खुशियों का यह इंतजार इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को खाना खाने के बाद राकेश घर से निकला था। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

पूरी रात खोजबीन के बावजूद उसका पता नहीं चला। इसी बीच कर्पूरीग्राम थाने की पुलिस ने रेलवे गुमटी के पास एक युवक के ट्रेन से कटने की सूचना दी। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद परिजनों ने उसकी पहचान की। थानाध्यक्ष शिवनारायण कुमार ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो सका है।














