पटना, 16 मई (अविनाश कुमार) बिहार में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राज्य सरकार ने बिहार पुलिस विभाग में 37,978 नए पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू कर दी है। कांस्टेबल से लेकर सब-इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर स्तर तक की यह बहाली राज्य की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती अभियानों में से एक मानी जा रही है। इसके साथ ही 10,469 सब-इंस्पेक्टर पदों को पदोन्नति के जरिए भरने का फैसला भी लिया गया है। गृह विभाग के अनुसार बढ़ती आबादी, कानून-व्यवस्था की जरूरत और आधुनिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से इन पदों का सृजन किया गया है। सबसे ज्यादा 27,510 पद कांस्टेबल और समकक्ष श्रेणी के होंगे।

इनमें 22,010 सामान्य कांस्टेबल और 5,500 ड्राइवर कांस्टेबल के पद शामिल हैं। वहीं सब-इंस्पेक्टर के कुल 20,937 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें आधे पद पदोन्नति और बाकी 10,468 पद सीधी भर्ती से भरे जाएंगे। राज्य कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है, जिसके बाद युवाओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इधर, आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली यानी ERSS के दूसरे चरण के तहत ‘डायल 112’ सेवा को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 19,288 नए पद सृजित किए गए हैं। इनमें 9,992 कांस्टेबल, 2,943 हेड कांस्टेबल, 2,353 ड्राइवर कांस्टेबल, 694 ड्राइवर हेड कांस्टेबल, 1,218 ASI, 1,829 SI और 259 इंस्पेक्टर के पद शामिल हैं। विभागीय सूत्रों के मुताबिक इन पदों पर ज्यादातर नियुक्तियां सीधी भर्ती से की जाएंगी।

फिलहाल बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग और केंद्रीय चयन पर्षद लगभग 25 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चला रहे हैं। इनमें 19,838 कांस्टेबल, 2,417 वार्डर, 1,799 पुलिस इंस्पेक्टर, 1,603 निषेध कांस्टेबल और 108 मोबाइल स्क्वाड कांस्टेबल के पद शामिल हैं। आने वाले महीनों में कई चरणों में परीक्षाएं आयोजित होंगी। इसी बीच राज्य सरकार ने पटना में ASP (नगर प्रशासन) का नया पद भी सृजित किया है। यह पद ‘अर्बन मैनेजमेंट यूनिट’ के तहत कार्य करेगा और पुलिस, जिला प्रशासन व नगर निकायों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करेगा। दानापुर, खगौल और फुलवारी समेत पटना के शहरी इलाकों में अब निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है।














