समस्तीपुर, 23 अक्टूबर (हर्षिता “अश्क”) सरायरंजन थाना क्षेत्र के किशनपुर युसूफ स्थित एसएच-88 पर सुंदरम पेट्रोल पंप के समीप गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक ढाबा संचालक पर जानलेवा हमला कर दिया। अपराधियों ने पहले उसकी जमकर पिटाई की और इसके बाद गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल की पहचान हलई थाना क्षेत्र के वनबीरा गांव निवासी विशेश्वर राय के पुत्र अभिनंदन कुमार (28) के रूप में हुई है। बताया गया कि अभिनंदन ढाबा संचालन का काम करता है। गुरुवार देर रात वह सुंदरम पेट्रोल पंप के समीप था, तभी अज्ञात अपराधियों ने उसे घेर लिया।

हमलावरों ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गोली लगने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।अपराधियों की गोली से अभिनंदन की पीठ में तीन गोलियां लगी हैं। गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में समस्तीपुर स्थित एक निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना रेफर कर दिया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।इधर, घटना की सूचना मिलते ही सरायरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हमले के पीछे पुरानी रंजिश, विवाद या अन्य कारण होने की आशंका को लेकर भी छानबीन की जा रही है। समाचार प्रेषण तक मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी थी। पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।














