बक्सर, 02 सितम्बर (विक्रांत) गैर-संचारी रोगों के खिलाफ बक्सर में बुधवार से बड़ा स्वास्थ्य अभियान शुरू हो गया। राज्य स्वास्थ्य समिति, बिहार के निर्देश पर जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से NP-NCD के तहत “जांच एवं उपचार-चिकित्सा आपके द्वार अभियान” का शुभारंभ हुआ। 2 सितंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलने वाले इस 90 दिवसीय अभियान में जिले के 30 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 8 लाख 19 हजार लोगों की स्क्रीनिंग का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का राज्यस्तरीय शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने 2 सितंबर को पटना स्थित ऊर्जा स्टेडियम से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया। बक्सर में इसका उद्घाटन समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में किया गया, जहां उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

जिला पदाधिकारी ने कहा कि मधुमेह, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान प्रभावी उपचार की कुंजी है। जिले के 182 चिन्हित चिकित्सा संस्थानों के माध्यम से निर्धारित लक्ष्य पूरा करने की तैयारी की गई है। उन्होंने नागरिकों से अभियान का लाभ उठाकर स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।सिविल सर्जन ने बताया कि जिला अस्पताल से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक की स्वास्थ्य टीम को अलर्ट मोड पर रखा गया है। जिला गैर-संचारी रोग अधिकारी के अनुसार घर-घर और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर नि:शुल्क जांच की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जागरूकता रथ के जरिए सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को स्क्रीनिंग के लिए प्रेरित किया जाएगा। जिला कार्यक्रम प्रबंधक ने बताया कि अभियान के लिए सूक्ष्म कार्ययोजना तैयार है। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, मीडिया और आम लोगों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।


















