बक्सर, 08 अक्टूबर (विक्रांत) कथित चुनाव चोरी के विरोध में इंडिया गठबंधन की ओर से चलाए जा रहे देशव्यापी विरोध सप्ताह के तहत गुरुवार को बक्सर में जोरदार प्रदर्शन किया गया। गठबंधन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किला मैदान से जुलूस निकालकर केंद्र सरकार, चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस विभिन्न मार्गों से होते हुए अंबेडकर चौक पहुंचा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के पुतले का दहन किया गया।

प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग की स्वतंत्र एवं लोकतांत्रिक कार्यप्रणाली बहाल करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई। इंडिया गठबंधन की ओर से जारी मांगों में SIR के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए सभी नामों को दोबारा बहाल करने, चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति की वर्तमान प्रणाली समाप्त करने और नियुक्ति वाली समिति में सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को शामिल करने की मांग प्रमुख रही।
प्रदर्शनकारियों ने SIR के बाद हुए बिहार विधानसभा चुनाव को रद्द करने की भी मांग की।अंबेडकर चौक पर पुतला दहन के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने को लेकर जोरदार आवाज उठाई। नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची से किसी भी पात्र नागरिक का नाम हटाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

उन्होंने चुनाव आयोग से पारदर्शिता सुनिश्चित करने और जनता के विश्वास को कायम रखने की मांग की। इंडिया गठबंधन का यह विरोध सप्ताह 2 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक चल रहा है। इसके तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।














