
बक्सर, 01 सितंबर (विक्रांत) बिहार कृषि विश्वविद्यालय (बीएयू), सबौर में राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 का तीन दिवसीय समारोह खेल भावना और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। 28 से 30 अगस्त तक आयोजित कार्यक्रम में छात्रों, कर्मचारियों और विश्वविद्यालय परिसर के निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य खेल भावना, शारीरिक फिटनेस, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति विश्वविद्यालय समुदाय को जागरूक करना रहा। समारोह के उद्घाटन अवसर पर छात्र कल्याण निदेशक डॉ. श्वेता शम्भावी और प्रशासन निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम के दौरान ओपन कैरम टूर्नामेंट के साथ वॉकथॉन और पैदल दौड़ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे जोश के साथ हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

ओपन कैरम टूर्नामेंट को अंडर-30 और 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित किया गया। पुरुष और महिला खिलाड़ियों ने अलग-अलग प्रतिस्पर्धा की। प्रतियोगिता में कुल 18 टीमों के 36 खिलाड़ियों ने भाग लिया। अंडर-30 वर्ग में अमन राज और अजय महापात्रा की जोड़ी ने बाजी मारकर खिताब अपने नाम किया, जबकि सुमेधा और अप्सना खातून उपविजेता रहीं। वहीं, 30 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में डॉ. चंदन किशोर और डॉ. वीरभद्र बेलुंडागी विजेता बने। रुआसिया चंद और बीरेंद्र मुर्मू को उपविजेता का स्थान मिला।फिटनेस को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न आयु वर्गों में वॉकथॉन और पैदल दौड़ भी कराई गई। 50 वर्ष से कम आयु वर्ग में डॉ. वाई.के. सिंह ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि डॉ. आर.डी. रंजन उपविजेता रहे। 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु वर्ग में विजय कुमार विजेता और डॉ. आर.बी. वर्मा उपविजेता बने।

तीन दिवसीय समारोह का सफल संचालन राष्ट्रीय खेल दिवस-2026 आयोजन समिति के अध्यक्ष अमित कुमार और सदस्य सचिव डॉ. चंदन किशोर के नेतृत्व में हुआ। दोनों ने आयोजन टीम का मार्गदर्शन और समन्वय करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।विश्वविद्यालय प्रशासन, अधिकारियों, कर्मचारियों, छात्रों और प्रतिभागियों के सहयोग से समारोह सफल रहा। आयोजन ने परिसर में खेल, फिटनेस, टीम वर्क और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।


















