समस्तीपुर, 10 अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार की अध्यक्षता में मुसरीघरारी थाना परिसर में विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में थाना अध्यक्ष मुसरीघरारी एवं अंचल अधिकारी सरायरंजन सहित संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, सुरक्षा इंतजामों को मजबूत करने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

एसडीओ राकेश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि पर्व के दौरान किसी भी स्थिति में शांति व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए पुलिस और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया गया। एसडीओ ने कहा कि पूजा के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी पूजा समितियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

साथ ही संभावित विवाद या अप्रिय घटना की आशंका वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।बैठक में अधिकारियों को छोटी से छोटी शिकायत को गंभीरता से लेने और किसी भी समस्या का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया गया। प्रशासन का उद्देश्य पूजा के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ सामाजिक सौहार्द का माहौल कायम रखना है।

अधिकारियों ने आपसी समन्वय से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।














