मुजफ्फरपुर, 13 अक्टूबर (संतोष गुप्ता) जिले में जमीन से जुड़े फर्जीवाड़े और सरकारी पद के कथित दुरुपयोग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुसहरी के तत्कालीन अंचलाधिकारी महेंद्र शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि की है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे से लेकर जमीन के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मच गई है। बताया जाता है कि मामला अहियापुर थाना क्षेत्र की बेशकीमती जमीन से जुड़े कथित फर्जीवाड़े का है। आरोप है कि जमीन के मामले में अनियमितता और पद के दुरुपयोग से संबंधित गड़बड़ियां सामने आने के बाद महेंद्र शुक्ला को पहले निलंबित किया गया था।

इसके बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई गई। पुलिस ने पूरे प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर जांच की और संबंधित साक्ष्यों को जुटाया।एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्कालीन सीओ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान जमीन से जुड़े मामले में महत्वपूर्ण तथ्य और साक्ष्य सामने आए। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए महेंद्र शुक्ला को गिरफ्तार कर लिया।एसएसपी के सख्त रुख के बाद जिले में जमीन से जुड़े मामलों पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस का कहना है कि जमीन के फर्जीवाड़े में किसी भी स्तर पर संलिप्तता सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी पद पर रहते हुए नियमों की अनदेखी या अधिकारों के कथित दुरुपयोग को भी जांच के दायरे में रखा जा रहा है। इधर, तत्कालीन सीओ की गिरफ्तारी से जमीन के अवैध कारोबार और कथित सिंडिकेट से जुड़े लोगों में भी हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जीवाड़े में अन्य कौन-कौन लोग शामिल थे। एसएसपी के इस एक्शन को जिले में भ्रष्टाचार और जमीन संबंधी अनियमितताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।














